Breaking
8 Sep 2026, Tue

संवाददाता समाचार टाउन 

कार्रवाई से बौखलाए मकान मालिक व परिजनों पर मारपीट का आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

फतेहगढ़। लोको रोड पर बिजली चोरी की सूचना मिलने पर जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) मुख्तयार हुसैन और एसडीओ अजय कुमार को सूचना मिली थी कि लोको रोड क्षेत्र में कुछ लोग बिजली चोरी कर रहे हैं। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर जांच करने पहुंची। टीम ने मकान मालिक सुभाष चंद्र के घर पर विद्युत कनेक्शन की जांच की, जहां कुछ अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई।

आरोप है कि बिजली विभाग की टीम द्वारा जांच और कार्रवाई किए जाने से मकान मालिक व उनके परिजन नाराज हो गए और उन्होंने जेई मुख्तयार हुसैन तथा एसडीओ अजय कुमार के साथ अचानक मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

घटना के बाद बिजली विभाग के संबंधित अधिकारी कोतवाली फतेहगढ़ पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जेई मुख्तयार हुसैन का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए उन्हें अस्पताल भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!