संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:जनपद फर्रुखाबाद में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के चलते बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्राम समाचीपुर चितार में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तहसील कायमगंज प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
प्रशासन द्वारा चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान के दौरान गांव से 9 परिवारों के कुल 32 व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकालकर शमसाबाद उपमंडी स्थित बाढ़ शरणालय में सुरक्षित पहुंचाया गया। बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही प्रशासन द्वारा उनकी स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।बचाव अभियान के दौरान एनडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमें आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद रहीं। बचाव दलों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर ग्रामीणों की सुरक्षित निकासी में सहयोग किया। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

मौके पर उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, थानाध्यक्ष शमसाबाद सहित क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों और बचाव दलों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।


