संवाददाता समाचार टाउन
फतेहगढ़:कोतवाली क्षेत्र के लोको रोड पर बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल से गिरफ्तार किया गया, जहां वह कथित तौर पर मेडिकल कराने की फिराक में छिपा हुआ था।
बताया गया कि बिजली चोरी की सूचना पर अवर अभियंता मुख्तार हुसैन के नेतृत्व में टीम जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान टीम के साथ विवाद हो गया और धक्का-मुक्की व मारपीट की घटना हुई। इसमें जेई मुख्तार हुसैन चोटिल हो गए थे। मेडिकल जांच और एक्सरे में उनके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
लोहिया अस्पताल में गिरफ्तारी के दौरान हंगामा
पुलिस द्वारा आरोपी की अस्पताल परिसर से गिरफ्तारी किए जाने के दौरान उसकी ईएमटी पुत्री ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद आरोपी सुभाष चंद्र अहिरवार और उसकी पुत्री को फतेहगढ़ कोतवाली ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पक्ष यदि अपने बचाव में कोई वीडियो फुटेज या अन्य साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है तो वह जांच अधिकारी के समक्ष उपलब्ध करा सकता है।
बिजली चोरी पर ₹1.24 लाख का नोटिस
विद्युत विभाग की जांच में आवास पर कटिया डालकर बिजली चोरी किए जाने की बात सामने आई। विभाग ने लोड और निर्धारित मानकों के आधार पर आरोपी के खिलाफ ₹1,24,828 की राजस्व क्षतिपूर्ति का नोटिस जारी किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार राजस्व जमा कराने के बाद ही कनेक्शन संबंधी आगे की प्रक्रिया की जाएगी। निर्धारित समय में भुगतान न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एफआईआर में बढ़ाई गईं धाराएं, अन्य आरोपियों की तलाश
जेई की एक्सरे रिपोर्ट में फ्रैक्चर सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर में संबंधित गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में नामजद रजत अहिरवार सहित अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

