संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:शनिवार को तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एडीएम अरुण कुमार सिंह एवं एडिशनल एसपी गिरीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समाधान दिवस में फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायती पत्र प्रस्तुत किए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 159 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याओं, बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर जांच करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। इस दौरान तहसील एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

