Breaking
26 Aug 2026, Wed

ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर 16 वर्षीय किशोरी की मौत, चार पहिया वाहन की चपेट में आने से गई जान।

संवाददाता समाचार टाउन

अल्लाहगंज/शाहजहांपुर:थाना अल्लाहगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह इमलिया गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी पल्लवी द्विवेदी की मौत हो गई। कांवड़ भरकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली से अचानक नीचे गिरने के बाद किशोरी चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में उसे फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हरदोई जनपद के मैकूपुर गांव निवासी सोमदेव द्विवेदी परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ कांवड़ भरने के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट आए थे। इसके बाद वह तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर शाहजहांपुर जनपद के एक मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे।

बुधवार सुबह जल भरकर लौटते समय अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के इमलिया गांव के पास बीच वाली ट्रॉली में सवार सोमदेव द्विवेदी की 16 वर्षीय बेटी पल्लवी अचानक नीचे गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहा चार पहिया वाहन उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में पल्लवी गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिजन और साथ चल रहे लोगों ने उसे तत्काल फर्रुखाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। पल्लवी अपने चार भाई-बहनों प्रशांत, प्रिया और आयुषी में सबसे छोटी थी। वह कक्षा 11 की छात्रा थी। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और चार पहिया वाहन की पहचान को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!