संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर के नोनियामगंज मोहल्ले में लगातार करीब 32 घंटे से हो रही बारिश के बीच एक मिठाई की दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। दुकान के मलबे में अंदर रखा फ्रिज, काउंटर, कूलर, मिठाई सहित अन्य सामान दब गया। हादसे में दुकानदार को लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
दुकानदार जगदीश भारद्वाज के अनुसार वह करीब 70 वर्षों से उक्त किराए की दुकान में मिठाई का कारोबार करते आ रहे हैं। दुकान को लेकर न्यायालय में मामला भी चल रहा है और उनके पास स्टे ऑर्डर होने की बात उन्होंने कही है।
जगदीश भारद्वाज ने दुकान मालिक एवं भाजपा नेता पिंटू राठौर पर दुकान खाली कराने के लिए दबाव बनाने तथा धमकी देने का आरोप लगाया। दुकानदार का आरोप है कि दुकान गिराए जाने की आशंका को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसी बीच लगातार बारिश के दौरान दुकान ढह गई।
वहीं, पिंटू राठौर ने दुकानदार के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि दुकान पहले से ही जर्जर हालत में थी और लगातार हो रही तेज बारिश के कारण वह अपने आप ढह गई। उन्होंने दुकान गिराने के आरोप से इनकार किया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दुकान गिरने की घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुकान किन परिस्थितियों में गिरी और घटना के पीछे क्या वास्तविक कारण था।

