संवाददाता समाचार पत्र
कायमगंज/फर्रुखाबाद:लगातार हुई तेज बारिश के चलते पहाड़ी-अहमदगंज मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारिश का पानी खेतों में भरने से किसानों की खड़ी मक्का और धान की फसलें प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। वहीं खेतों में पानी भर जाने के कारण पशुओं के चारे पर भी संकट मंडराने लगा है।
बारिश के पानी का बहाव इतना तेज है कि सड़क पर भी पानी की तेज धार चल रही है। इसके बावजूद ग्रामीण और राहगीर इसी रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं। तेज बहाव के बीच सड़क पार करते समय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए स्थिति और भी मुश्किल बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पिछली बार आई बाढ़ के दौरान इसी मार्ग का एक हिस्सा कट गया था, जिसके चलते काफी समय तक आवागमन प्रभावित रहा था। अब लगातार बारिश के कारण एक बार फिर सड़क के कटने का खतरा बढ़ गया है। यदि पानी का बहाव इसी तरह जारी रहा तो सड़क को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आसपास के गांवों का आवागमन भी प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बह रहे पानी के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद लोग जरूरी कामों के लिए इसी मार्ग से निकलने को मजबूर हैं। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश और बढ़ी तो खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबकर खराब हो सकती हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मार्ग की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर सड़क को सुरक्षित कराने तथा पानी के निकास की व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि आवागमन बाधित होने और फसलों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।

