Breaking
14 Nov 2026, Sat

शकुन्तला देवी बालिका इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया उत्साह

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:शकुन्तला देवी बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद उनके जीवन, विचारों और बच्चों के प्रति उनके प्रेम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें 100 मीटर दौड़, म्यूजिकल चेयर रेस, चम्मच दौड़, बैलून रेस और लेमन रेस सहित कई प्रतियोगिताएं हुईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इसके अलावा बच्चों ने अपने हाथों से खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी लगाए, जिन पर छात्राओं की खासी भीड़ और उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चे प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे। उन्हें बच्चों से बेहद लगाव था और उनके साथ समय बिताना बहुत पसंद था। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचारों के माध्यम से छात्राओं को नेहरू जी के जीवन और उनके आदर्शों से परिचित कराया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संतोष शर्मा, ममता सिंह, शिल्की मिश्रा, लक्ष्मी गंगवार, विकास श्रीवास्तव, अमित कुमार, कमला गंगवार, शायना खान, सुरभि श्रीवास्तव, लालाराम राजपूत, शशांक शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!