संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव बरझाला के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। डीसीएम का पहिया महिला के दाएं हाथ के ऊपर से गुजर गया। वहीं बाइक चला रहा उसका बेटा भी चोटिल हो गया।
जानकारी के अनुसार शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव नैंगमा निवासी देवभान की 37 वर्षीय पत्नी परमिला सोमवार को अपने बेटे विपिन के साथ कायमगंज स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच कराने आई थीं। जांच कराने के बाद मां-बेटे बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव बरझाला के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही परमिला उछलकर सड़क पर जा गिरीं और डीसीएम का पहिया उनके दाएं हाथ के ऊपर से निकल गया।
हादसे में बाइक चला रहा बेटा विपिन भी घायल हो गया। मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल परमिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. अमरेश कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद डीसीएम चालक को पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच की है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

