संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज फर्रुखाबाद:विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लेने शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तहसील तथा नगर पालिका परिषद पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चल रहे कार्यों की जानकारी ली तथा समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन सहित डिजिटाइजेशन का कार्य समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है, ताकि आगामी निर्वाचन में मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि त्रुटिरहित कार्य सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हमीरपुर खास के बीएलओ चंदन सिंह द्वारा सौ प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किए जाने पर उनकी सराहना की और उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी ने नगर पालिका और तहसील के संबंधित अधिकारियों से शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो या संशोधन आवश्यक हो तो बीएलओ या संबंधित कार्यालय से तुरंत संपर्क करें।

