Breaking
29 Mar 2026, Sun

वन टू चा चा चा को मिल रहे प्यार से गदगद हुए अभिनेता हीरो भैया।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज पहुंचे फिल्म स्टार, बोले यूपी की लोकेशंस और यहां के कलाकारों में है दम

कायमगंज/फर्रुखाबाद:फिल्म वन टू चा चा चा में इंस्पेक्टर गोपाल मरांडी का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत रहे मैनपुरी जिले के अभिनेता सतेंद्र सिंह यादव उर्फ हीरो भैया शुक्रवार को कायमगंज पहुंचे। फिल्म प्रमोशन के सिलसिले में यहां से गुजरते समय परिचितों और प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म के अनुभवों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया।

अभिनेता ने बताया कि वन टू चा चा चा एक बेहतरीन पारिवारिक फिल्म है, जिसमें कॉमेडी, एक्शन और ड्रामा का भरपूर तड़का है। उन्होंने कहा, लंबे समय बाद ऐसी कोई फिल्म आई है जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है। उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के सहयोग से इसकी शूटिंग लखनऊ से लेकर आगरा की खूबसूरत लोकेशंस पर हुई है। इंस्पेक्टर गोपाल मरांडी के किरदार पर चर्चा करते हुए हीरो भैया ने कहा कि कॉमेडी फिल्म में कॉमिक टाइमिंग सबसे महत्वपूर्ण होती है। कई बार सेट पर दृश्य इतने मजाकिया होते थे कि अपनी हंसी रोकना ही सबसे बड़ी चुनौती बन जाता था। उन्होंने फिल्म से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया, जिसमें विलेन बार-बार गांव के लड़कों की गाड़ी छीन लेता है।

मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले अभिनेता ने कहा, उत्तर प्रदेश मेरा घर है। अपने घर के पास शूटिंग करना सुखद अनुभव रहा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और नई प्रतिभाओं को मौका मिलता है। उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म अब पूरे देश के बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी है और दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।

इनसेट:

जल्द दिखाई देगे बाहुबली अवतार में

अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में उन्होंने बताया कि जल्द ही फिल्म तुम तक रिलीज होगी। इसके अलावा मार्च में एक सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर वेब सीरीज एसटीएफ आने वाली है, जिसमें वह एक बाहुबली के दमदार किरदार में नजर आएंगे। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जो भी करें, पूरी शिद्दत और समर्पण के साथ करें, सफलता अवश्य मिलेगी। हीरो भैया ने अपने करियर की शुरुआत धारावाहिक चाचा चौधरी, एवं शरारत से की थी,फिर उन्होंने इंतकाम द परफेक्ट गेम, जिला कन्नौज, रायफल गंज, ऑफिसर अर्जुन सिंह आईपीएस, एक तेरा साथ जैसी तमाम फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा। हीरो भैया जनसेवा एवं सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। इस अवसर पर आशीष पांडे, रजनीश शाक्य,नितिन यादव मोहम्मद सेफ,गोपाल सिंह एवं अर्णव सिंह व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!