Breaking
10 Feb 2026, Tue

दो युवक ट्रैक्टर से गिरे,एक की मौत,दूसरा गंभीर,शराब के नशे में अनियंत्रित होकर गिरे, परिवार में मचा कोहराम।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज/फर्रुखाबाद:आलू बेचकर घर लौट रहे दो युवकों के साथ शनिवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा अत्यधिक शराब के सेवन और ट्रैक्टर से संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ।

क्षेत्र के नगला कुम्हारी निवासी 45 वर्षीय मुकेश और 22 वर्षीय अनेक सिंह गांव के ही फूल सिंह के ट्रैक्टर पर आलू लादकर मंडी समिति आए थे। शनिवार देर शाम आलू बेचकर तीनों वापस लौट रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले ही मुकेश और अनेक सिंह ग्रामीणों को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े मिले। कुछ देर बाद ट्रैक्टर चालक फूल सिंह भी वहां पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमरेश कुमार ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनेक सिंह की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। चालक से पूछताछ और शुरुआती जांच के आधार पर कस्बा चौकी प्रभारी ने बताया कि आलू बेचकर लौटते समय तीनों ने रास्ते में दो बार शराब पी थी।

नशे की हालत में दोनों युवक शरारत में ट्रैक्टर लेकर आगे बढ़ने लगे और उनके पीछे चालक दौड़ा और रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक मुकेश अपने पांच भाइयों नीरज, नरेंद्र, नीतू और पिंटू से सबसे बड़ा था। वह अपने पीछे पत्नी किरन, एक बेटा और दो बेटियों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!