संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर ढमढेरा गांव के पास रविवार को कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चारों को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
एटा जनपद के थाना जैथरा के खिरिया खेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय शिवा अपनी मौसी 32 वर्षीय रीमा निवासी अमोघपुर अलीगंज एटा को बाइक से दवा दिलाने कायमगंज आया था। जब दोनों बाइक से दवा लेकर वापस जा रहे थे। जैसे ही वे ढमढेरा गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में शिवा और रीमा लहूलुहान होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। जबकि कार अनियंत्रित होकर पेड़ में जा टकराई।
हादसे के दौरान कार में सवार 27 वर्षीय प्रियंका निवासी शमशाबाद और उसकी मां 50 वर्षीय अनीता निवासी इजौर भी गंभीर घायल हो गईं। प्रियंका की गोद में मौजूद उसका बच्चा भी बाल बाल बच गया। दुर्घटना देख आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को संभालने के साथ पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। अस्पताल में तैनात डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने घायलों का इलाज किया। जहाँ से गंभीर हालत में चारों को लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिवार के लोग पहुंच गए।

