संवाददाता समाचार टाउन
फर्रुखाबाद में आज एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कानपुर–कासगंज रेलवे लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) का तार अचानक टूट जाने से हड़कंप मच गया।घटना फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के बीच सीएनआई बढ़पुर चर्च ग्राउंड के सामने की है। इसी दौरान फर्रुखाबाद से छपरा जा रही उत्कर्ष एक्सप्रेस उसी ट्रैक से गुजर रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों ने ट्रैक के ऊपर टूटा हुआ तार देखकर तुरंत सूझबूझ दिखाई। उन्होंने लाल कपड़ा ढूंढकर उसे झंडी की तरह लहराते हुए ट्रेन की ओर दौड़ लगाई और करीब 500 मीटर पहले ही ट्रेन चालक को खतरे का संकेत दे दिया।

युवकों के संकेत को देखते हुए लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया। ट्रेन करीब आधे घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। यदि समय रहते ट्रेन नहीं रोकी जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। रेलवे की तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर मरम्मत कार्य भी प्रारंभ कर दिया।

