Breaking
10 Feb 2026, Tue

रामेश्वर नाथ मंदिर में हुआ विशाल भंडारा, त्यागी जी महाराज को दी श्रद्धांजलि।

संवाददाता समाचार टाउन

ब्रह्मलीन स्वामी जी की 26वीं पुण्यतिथि पर विशाल भंडारा, देर रात तक छका प्रसाद, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर, दूर-दराज से पहुंचे साधु-संत और श्रद्धालु 

कंपिल/फर्रुखाबाद:ऐतिहासिक रामेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में सोमवार को ब्रह्मलीन स्वामी त्यागी जी महाराज (टापर वाले स्वामी जी) की 26वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें साधु-संतों और श्रद्धालुओं का भारी समागम देखने को मिला। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अनुज शत्रुघ्न द्वारा स्थापित शिवलिंग की महिमा के कारण प्रसिद्ध इस मंदिर में दिनभर भक्ति की बयार बहती रही। महंत आनंद गिरि महाराज की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई।

दोपहर करीब 12 बजे से भंडारा शुरू हुआ, जो देर रात तक अनवरत चलता रहा। मंदिर परिसर में शिष्यों और कलाकारों द्वारा किए गए भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया। टापर वाले स्वामी जी के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले श्रद्धालु जनपद के कोने-कोने और अन्य दूर-दराज के क्षेत्रों से यहाँ माथा टेकने पहुंचे।

भंडारे में सेवा भाव दिखाते हुए स्वामी जी के शिष्यों और आसपास के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान व्यवस्था संभालने में पुखराज डागा, ऋषभ गुप्ता, सुरेन्द्र सैनी, अवधेश बाथम, गोपाल तिवारी सहित अन्य भक्तों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!