Breaking
28 Jun 2026, Sun

दबंगों ने काटी खेत की फेंसिंग,पेड़ फूंके,पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी।

संवाददाता समाचार टाउन

रूटोल का है मामला, पुश्तैनी जमीन के विवाद में हिस्ट्रीशीटर के साथ मिलकर दी वारदात को अंजाम, एसपी के आदेश पर केस दर्ज

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली क्षेत्र के रुटौल गांव में पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर पीड़ित महिला का आरोप है कि विपक्षियों ने हिस्ट्रीशीटर के साथ मिलकर न केवल खेत की घेराबंदी तोड़ दी, बल्कि वहां खड़े पेड़ों में भी आग लगा दी। पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई, जिसके बाद अब कोतवाली पुलिस ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

कोतवाली फर्रुखाबाद के चिलपुरा निवासी रत्ना मिश्रा ने एसपी को दी तहरीर में बताया कि उनके 90 वर्षीय बीमार पिता का गांव रुटौल में गाटा संख्या 178 में हिस्सा है। आरोप है कि उनके चचेरे भाइयों संजय मिश्रा व विजय मिश्रा ने साल 2014 में धोखाधड़ी से जमीन का एकपक्षीय बंटवारा आदेश करा लिया था, जिसकी निस्तारण की विधिक प्रक्रिया एसडीएम न्यायालय में चल रही है।

पीड़िता के अनुसार, इसी रंजिश में 28 जनवरी को आरोपियों ने खेत की तार फेंसिंग काट दी। इसके बाद 4 फरवरी को आरोपी संजय मिश्रा ने गांव के ही हिस्ट्रीशीटर अजय यादव उर्फ खंजाची, सुशील दुबे, विमल मिश्रा और उमेश व अन्य के साथ मिलकर खेत की बाउंड्री वॉल ढहा दी। पीड़िता का कहना है कि जब वह विरोध करने पहुंची तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर उसे भगा दिया और 6 फरवरी को खेत में खड़े करौंदे के हरे पेड़ों में आग लगा दी।

90 वर्षीय पिता की वृद्धावस्था के कारण पैरवी कर रही पीड़िता ने खुद की जान को खतरा बताया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!