संवाददाता समाचार टाउन
–होली की खुशियां मातम में बदलीं, मेहदिया वली मजार के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, पुत्र भी घायल
–9 माह पहले की थी बेटी की शादी, परिवार के थे इकलौते कमाने वाले मौत से परिजनों में मचा कोहराम
नगर के मेहदिया बली मजार के पास कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र और दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। होली की खुशियां मातम में बदल गई।

फोटो परिचय मृतक उमेश का फाइल फोटो
जौरा गांव निवासी 40 उमेश चंद्र कठेरिया गुरुवार को अपने 15 वर्षीय पुत्र योगेश और दामाद उदय राजनिवासी सौरिख, कन्नौज के साथ बाइक से कायमगंज बाजार आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक मेहदिया वली मजार के पास मुख्य मार्ग पार कर घसिया चिलौली रोड की ओर मुड़ी, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उमेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। दामाद उदय राज की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
फोटो परिचय अस्पताल में शव पर रोते परिजन
वहीं, पुत्र योगेश का उपचार जारी है। मृतक उमेश चंद्र अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और नगर के एक गोदाम में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि उमेश की चार संतानों में से सिर्फ बड़ी बेटी नेहा की शादी 9 माह पहले हुई थी। दामाद उदय राज अपनी पहली होली मनाने ससुराल आया थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि त्योहार से पहले ही घर में मातम पसर जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जांच पड़ताल हुई। मृतक की पत्नी सुनीता देवी, बच्चों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

