संवाददाता समाचार टाउन
-अलाहदादपुर गांव में होली की खुशियों के बीच खूनी संघर्ष, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
-घायल बुजुर्ग ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
-जमीनी रंजिश में पहले भी हो चुकी है मारपीट, दबंगों के खौफ में पीड़ित परिवार
क्षेत्र के गांव अलाहदादपुर में बुधवार को जमीनी विवाद के चलते परिवार के ही दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। आरोप है कि भतीजों ने घर में घुसकर की गई मारपीट में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि मृतक के छोटे भाई की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, हिंदुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

फोटो परिचय मृतक का फाइल फोटो
अलाहदादपुर गांव निवासी 70 वर्षीय सूरज सिंह का भतीजा विकास बुधवार को होली की आखत डालकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में परिवार के ही आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। विकास किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। इसके बाद आक्रोशित हमलावर सूरज सिंह के घर जा धमके।
हमलावरों ने घर में मौजूद सूरज सिंह को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचीं छोटे भाई की पत्नी मीरा देवी को भी दबंगों ने नहीं बख्शा। लाठी-डंडों की चोट से महिला घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूरज सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर विपिन कुमार ने उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन सभी फरार मिले। मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी बेहद दबंग किस्म के हैं और 2024 में एक पक्ष पर भी फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुके हैं, जिसका मुकदमा भी दर्ज है। उन लोगों पर भी मारपीट कर चुके है।
सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीनी विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस को तहरीर का इंतजार है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

