संवाददाता समाचार टाउन
–होली वाले दिन अलाहदादपुर गांव में घटी थी घटना, पुलिस ने पांच आरोपितों की तलाश कई जगह मारी दबिश
कोतवाली क्षेत्र कायमगंज के अलाहदादपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले में घायल बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलाहदादपुर गांव निवासी आदेश कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि चार मार्च की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका भाई विकास गांव की ओर से घर लौट रहा था। रास्ते में राघवेन्द्र ने उसे कंधा मारकर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। इसके बाद विकास किसी तरह घर की ओर भाग आया। आरोप है कि कुछ देर बाद राघवेन्द्र अपने साथ जसवंत सिंह, श्यामसुंदर, सर्वेंद्र, अरविंद, सविता देवी और रजनी को लेकर लाठी, डंडा और सरिया से लैस होकर उनके घर पहुंच गया। सभी ने एक राय होकर आंगन में बैठे उसके ताऊ सूरज सिंह और मां मीरा देवी पर हमला कर दिया। आरोपियों ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और आंगन में खून फैल गया।
घटना के दौरान विकास कमरे में छिप गया और उसने पूरी घटना देखी। वहीं परिवार की बच्चियों ने भी छिपकर घटना देखी और एक ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में सूरज सिंह को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि मीरा देवी का उपचार जारी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपित पहले से ही परिवार से रंजिश रखते थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया आरोपित सविता और रजनी को गिरफ्तार किया गया है।

