Breaking
10 Mar 2026, Tue

संवाददाता समाचार टाउन

आंबेडकर नगर में तीन पोलों में अक्सर उतरता है करंट, एक साल पहले भी हुई थी गौवंश की मौत

कस्बा कंपिल फीडर से जुड़े आंबेडकर नगर की गली में लगे लोहे के बिजली के पोल में करंट उतरने से सोमवार सुबह एक सांड की मौत हो गई। खास बात यह है कि इसी गली में जूनियर हाई स्कूल स्थित है, जहाँ से रोजाना मासूम बच्चे गुजरते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

आंबेडकर नगर के लोगों ने बताया कि जर्जर पोलों में करंट उतरने की यह समस्या नई नहीं है। करीब एक वर्ष पहले भी यहाँ करंट की चपेट में आने से एक गौवंश की मौत हो गई थी। उस समय भी विभाग से पोल बदलने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन जिम्मेदारों ने पिछली घटना से कोई सबक नहीं लिया। मोहल्ले की गली में कुल चार पोल लगे हैं, जिनमें से तीन में आए दिन करंट उतरने की शिकायत रहती है। मोहल्ले में स्थित जूनियर हाई स्कूल के कारण इस मार्ग पर बच्चों की खासी आवाजाही रहती है। सांड की मौत के बाद से अभिभावकों में दहशत है।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते इन जर्जर पोलों को नहीं हटाया गया, तो कभी भी कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। जेई आरपी सिंहने बताया पोल से करंट न उतरने के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!