संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:क्षेत्र के ग्राम रजपालपुर स्थित विद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान माँ सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतिमा का अनावरण किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया।
अनावरण समारोह के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से समाज को जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया। नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने नाटक के जरिए शिक्षा की अलख जगाई और संदेश दिया कि एक शिक्षित समाज ही उज्ज्वल भविष्य की असली नींव है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सड़क सुरक्षा पर आधारित नाटिका रही।
फोटो परिचय विधायक ने रजपालपुर विद्यालय में मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण
इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने ट्रैफिक नियमों के पालन की महत्ता समझाई, जिसकी लोगों ने प्रशंसा की। विधायक डॉ. सुरभि ने बच्चों के प्रदर्शन को देख उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्कूल की गृह कार्य डायरी का विमोचन किया। इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक अभय सिंह गंगवार, सुधीर सिंह, संजय, अजब सिंह, अनिल कुमार, मनोज, पंकज, सुरेश चंद और सतवीर मौजूद रहे।

