संवाददाता समाचार टाउन
-घटना के समय दबोचे गए आरोपित को पुलिस ने मेडिकल कराकर भेजा जेल, पर्स और कैश बरामद
कायमगंज:थाना क्षेत्र में महिला से कुंडल लूटने के मामले में दबोचे गए एक लुटेरे को पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं, फरार दूसरे साथी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पकड़े गए आरोपित के पास पर्स और कैश बरामद हुआ है।
शुक्रवार को थाना अमृतपुर के करनपुर गांव निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू को बाइक से एटा जनपद के लहचोरा गांव स्थित रिश्तेदारी में ले जा रहे थे। ढमढेरा और बिराहिमपुर के बीच बाइक सवार दो लुटेरों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोककर महिला के कानों से कुंडल लूट लिए थे। शोर मचाने पर एक कार सवार ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा किया, जिससे घबराकर बदमाश अनियंत्रित होकर गिर गए।
फोटो परिचय- पुलिस ने पकड़े गए आरोपित का अस्पताल में ले जाकर कराया मेडिकल
ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए, जिसके बाद एक आरोपी शौचालय में छिप गया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सनी, निवासी मोहल्ला दत्तूनगला के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से लूटा गया पर्स बरामद हुआ, जिसमें महिला के 1150 रुपये और आधार कार्ड की छायाप्रति मिली है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी और उसका फरार साथी शातिर अपराधी हैं, जिनका पूर्व का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दूसरे आरोपित की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

