Breaking
20 Mar 2026, Fri

लूट का माल बरामदगी के समय पुलिस पर गोली चलाकर भाग रहा कासगंज का लुटेरा मुठभेड़ में घायल।

संवाददाता समाचार टाउन

-आरोपी ने हेड कांस्टेबल पर दागीं गोलियां, लुटे गए कुंडल बरामद

कायमगंज:पांच दिन पहले अमृतपुर के करनपुर गांव निवासी महिला से कुंडल लूटने के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपित को पुलिस ने गुरुवार को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए कुंडल और अवैध असलहा बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को पुलिस टीम फरार आरोपी कुलदीप निवासी अलैयापुर, थाना पटियाली, कासगंज को गिरफ्तार कर कोतवाली लाई थी। पूछताछ के बाद पुलिस उसे लूटे गए कुंडल की बरामदगी के लिए बताए गए स्थान पर ले गई। वहां आरोपित ने पहले से छिपाकर रखे 315 बोर के तमंचे से भागने की नीयत से पुलिस टीम पर दो राउंड फायर झोंक दिए। बदमाश द्वारा की गई अचानक फायरिंग में हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र तिवारी के हाथ में गोली लग गई। यह देख पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपित कुलदीप के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।

पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल हेड कांस्टेबल और आरोपी बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से घटना में लूटे गए कुंडल और हमले में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया है। एएसपी ने बताया कि आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनसेट

ग्रामीण ने एक लूटेरे को पहले ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था।

13 मार्च को करनपुर निवासी राम राजपूत अपनी बहन मंजू के साथ एटा जा रहे थे, तभी ढमढेरा के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने कुंडल लूट लिए थे। शोर मचाने पर एक कार सवार और ग्रामीणों ने पीछा किया था, जिससे डरकर बदमाश गिर गए थे। उस वक्त एक आरोपी सनी निवासी दत्तूनगला को ग्रामीणों ने शौचालय से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, उसके पास से लूटा गया पर्स बरामद हुआ, जिसमें महिला के 1150 रुपये और आधार कार्ड की छायाप्रति मिली है। वही बाइक बरामद हुई है।जबकि कुलदीप फरार होने में कामयाब रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!