संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर व्यापारिक फर्म बनाकर लाखों रुपये के राजस्व को चूना लगाने का एक और मामला सामने आया है। जालसाजों ने एक किसान के खेत और नाम का इस्तेमाल कर न केवल फर्जी ट्रेडिंग कंपनी खड़ी कर दी, बल्कि उस पर लाखों का टैक्स बकाया भी कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
तराई के कुआखेड़ा खास निवासी सुरेश चंद्र के पैरों तले जमीन तब खिसक गई, जब उसके पास 20 मार्च को सेंट्रल जीएसटी कार्यालय से फोन आया। उन्हें बताया गया कि उनके खेत गाटा संख्या 202 पर एक ट्रेडिंग फर्म चल रही है, जिस पर भारी टैक्स बकाया है। जब पीड़ित ने पड़ताल की, तो पता चला कि अमन ने अपने साथी अरवाज के साथ मिलकर फर्जी कूट रचित किरायानामा तैयार किया और अमन ट्रेडिंग कंपनी के नाम से अवैध कारोबार शुरू कर दिया।
किसान का आरोप है कि यह एक बड़ा सिंडिकेट है, जिसमें जुबैर, अदनान, सुखवीर, अरबाज और आशीष जैसे लोग शामिल हैं। ये लोग अवैध तंबाकू को फर्जी बिलों के जरिए ऊंचे दामों पर सप्लाई कर करोड़ों का मुनाफा कमा रहे हैं और टैक्स चोरी के लिए निर्दोष किसानों के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुरेश चंद्र का कहना है कि जब उन्होंने आरोपितों अमन, अरबाज, फैजल से इस फर्जीवाड़े के बारे में सवाल किया, तो उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर जांच शुरू कर दी है।

