Breaking
31 Mar 2026, Tue

गश्त पर निकली पुलिस टीम पर हमला,सिपाहियों की वर्दी फाड़ी हुई कई की गिरफ्तारी।

संवाददाता समाचार टाउन

वलीमे की दावत के बाद डीजे पर हुड़दंग कर रहे थे युवक, टोकने पर किया हमला, दुल्हा समेत पांच गिरफ्तार

कायमगंज:क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार देर रात गश्त पर निकली पुलिस टीम पर हुड़दंगियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी वर्दी तक फाड़ दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र नंबर की गाड़ी को कब्जे में लेकर दुल्हा समेत पांच नामजद सहित 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी नामजद मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

फोटो परिचय पुलिस गिरफ्त में आरोप

रविवार देर रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर कोतवाली की पुलिस टीम सरकारी वाहन से पितौरा बेरिया तिराहा से पुल गालिब पुलिया की ओर गश्त पर थी। रास्ते में एक गाड़ी संख्या एमएच 48 एस 6590 बीच सड़क पर खड़ी थी, जिसके बोनट पर चढ़कर कुछ युवक डीजे की धुन पर हंगामा कर रहे थे। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण जब उपनिरीक्षक लालजी, सिपाही मनोज, मेघश्याम और चालक गौरव ने उन्हें समझाने और गाड़ी हटाने का प्रयास किया, तो युवक भड़क गए। समझाने पर युवक उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस झड़प में सिपाही मेघश्याम और मनोज को चोटें आईं। दबंगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और उनकी वर्दी के बटन तोड़ दिए व कपड़े फाड़ दिए। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने लगे। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर आरोपितों की तलाश में दबिश दी।

इनसेट

वलीमे की दावत में आए थे मुंबई के रिश्तेदार।

बताया जा रहा है कि मोहल्ला छपट्टी निवासी अरशान के वलीमे का कार्यक्रम एक गेस्ट हाउस में था। दावत के बाद मुंबई से आए कुछ रिश्तेदार और स्थानीय युवक नशे और जश्न में चूर होकर हुड़दंग मचा रहे थे। पुलिस के रोकने पर उन्होंने कानून हाथ में ले लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महाराष्ट्र नंबर की कार को भी मुकदमे में शामिल किया है।

सिपाही मनोज की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ला छपट्टी निवासी हुजैब मंसूरी, रिहान, दुल्हा अरसान मंसूरी, महबूब अंसारी और फर्रुखाबाद निवासी राजिक सहित 8-10 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर लाइन आर्डर सुरजीत सिंह ने बताया पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। घायल सिपाहियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य अज्ञात की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!