Breaking
1 Apr 2026, Wed

तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार दो सगे भाइयों को मारी जोरदार टक्कर हालत गंभीर रेफर।

संवाददाता समाचार टाउन

-स्कूल से लौटते समय हुआ दिल्ली रोड पर हादसा, अनियंत्रित होकर बंबे की पुलिया से टकरा कर लटक गया डंपर

कायमगंज:दिल्ली रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार दो सगे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, अनियंत्रित डंपर बंबे की पुलिया की दीवार तोड़कर बंबे की ओर लटक गया। ग्रामीणों ने चालक व दो हेल्परों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।

फोटो परिचय बंबा पुलिया पर लटका डंपर

कंपिल क्षेत्र के आजमनगर गांव निवासी रंजीत के दो पुत्र, 10 वर्षीय अनुराग कक्षा 5 का छात्र है जबकि 8 वर्षीय अनमोल कक्षा 1 का छात्र है। दोनों गांव के ही एक स्कूल में पढ़ते हैं। छुट्टी के बाद दोनों भाई साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में साइकिल खराब होने पर वे उसे ठीक कराने ढमढेरा गए। वहां से वापस लौटते समय जैसे ही वे ढमढेरा बंबा पुलिया के पास अपने गांव की ओर मुड़े, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक भाई उछलकर बंबे में जा गिरा, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। उनकी साइकिल गहरे खड्ड में समा गई।

फोटो परिचय घटनास्थल पर लगी भीड़

हादसे के बाद डंपर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन बंबे की पुलिया की दीवार तोड़ता हुआ बंबा पटरी पर जाकर लटक गया। हादसे में चालक सोनू निवासी गोंडा भी चोटिल हुआ है। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आनन-फानन में निजी वाहन से दोनों छात्रों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें तत्काल लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही घर में परिजन परेशान हो गए और सभी अस्पताल की ओर दौड़े। चालक ने बताया कि वह कन्नौज से पटिया उतारकर अलीगंज की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!