Breaking
2 Apr 2026, Thu

बेखौफ चोरों ने किराना स्टोर से उड़ाया लाखों का माल लगातार चोरियों से मचा हड़कंप।

संवाददाता समाचार टाउन

एक सप्ताह के भीतर चोरी की दूसरी घटना से व्यापारियों में दहशत

कायमगंज:चोरों ने पितौरा अचरा मार्ग पर स्थित एक किराना स्टोर को निशाना बनाया। चोर दुकान के पीछे से नकब लगाकर अंदर घुसे और नकदी समेत करीब एक लाख रुपये से अधिक का सामान समेट ले गए।एक ही सप्ताह के भीतर चोरी की यह दूसरी वारदात है जिससे दुकानदारों में भारी रोष है।

पितौरा अचरा मार्ग स्थित अनवार कोल्ड के बाहर जमजम किराना स्टोर के नाम से अनीस मंसूरी की दुकान है। बुधवार की रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगाई और भीतर दाखिल हो गए। दुकान स्वामी ने बताया कि सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। दुकान स्वामी के मुताबिक, चोरों ने दुकान से लगभग 40 हजार रुपये की सिगरेट, तीन अलग-अलग कंपनियों के करीब 60 हजार रुपये के पान मसाले, भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और गोलक में रखे 1700 रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की सूचना पर यूपी 112 पुलिस टीम व कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। एक हफ्ते में दूसरी वारदात इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि चार दिन पहले ही पृथ्वीदरवाजा निवासी ऋषि अग्रवाल की परचून दुकान में भी चोरी हुई थी। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरियों का खुलासा करने की मांग की है। कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया पुलिस टीम पूरी रात गश्त कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!