संवाददाता समाचार टाउन
- -ठंडी कुइयां के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ठंडी कुइयां के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
शमशाबाद क्षेत्र के गांव किसरौली निवासी जसवीर सिंह व अलियापुर किसरौली निवासी दिलीप एक ही बाइक पर सवार होकर कायमगंज आए थे। वापस जाते समय रास्ते में ठंडी कुइयां के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइकसवार दोनों उछल कर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए इधर मौका पाकर चालक कार लेकर भाग गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
