Breaking
24 Jun 2026, Wed

संवाददाता समाचार टाउन 

-शादी समारोह से लौटे परिवार के सोते समय वारदात, सुबह खुला मिला बक्सा और मुख्य गेट

 

कंपिल/फर्रुखाबाद:मोहल्ला माँझगांव पूर्व निवासी सतीश माथुर के घर बुधवार रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मोहल्ला माँझगांव निवासी पीड़ित सतीश माथुर ने बताया कि बुधवार रात वह एक शादी समारोह से लगभग दो बजे घर लौटे थे। उनके पुत्र और पुत्रवधू छत पर सो रहे थे, जबकि पत्नी आंगन में थीं। सतीश माथुर स्वयं मुख्य दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान शातिर चोर छत के रास्ते घर में घुस गए। कमरों के दरवाजे बंद थे, लेकिन उनमें ताला नहीं लगा था। चोरों ने उस बक्से को निशाना बनाया, जिसमें शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के जेवरात थे।

सतीश माथुर के अनुसार, बक्से से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने का ओम पेंडल, मांग टीका, सोने के कुंडल, चांदी की पायल और अन्य कीमती आभूषण चोरी हुए हैं। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।

सतीश माथुर की पुत्रवधू संगीता ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब वह छत से नीचे आईं, तो घर का मुख्य गेट खुला मिला और बक्सा भी खुला पड़ा था। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इस चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!