संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने तथा नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को कायमगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा बिना अनुमति जुलूस निकालने से रोकने पर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच वार्ता के बाद सहमति बनी, जिसके अनुसार कार्यकर्ताओं ने तहसील के बजाय कोल्ड स्टोरेज तक मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत पितौरा स्थित जाकिर महल में आयोजित सभा से हुई, जहां उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने, लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने तथा विरोध की आवाज को कुचलने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है।

इसकी सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बिना पूर्व अनुमति जुलूस निकालने का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी देर तक बहस और नोकझोंक होती रही। एहतियात के तौर पर पुलिस ने जाकिर महल स्थित कैंप कार्यालय का मुख्य गेट भी बंद कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फोटो परिचय कांग्रेसी नेताओं को समझाते प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के बीच वार्ता हुई। बातचीत के बाद इस बात पर सहमति बनी कि कार्यकर्ता तहसील की ओर न जाकर कोल्ड स्टोरेज तक मार्च निकालेंगे।

