संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:तहसील सभागार में शनिवार को उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में फरियादी तहसील पहुंचे। अधिकारियों के समक्ष कुल 152 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अतिक्रमण, मजदूरी भुगतान, सरकारी सुविधाओं के दुरुपयोग और प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। नगला नान निवासी आशीष ने आरोप लगाया कि उसके खेत के समीप स्थित सरकारी नहर की नाली पर कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया है। उसने नाली को कब्जामुक्त कराने की मांग की।वहीं शमशाबाद क्षेत्र के गांव गुटैटी दक्षिण निवासी बृजेश कुमार ने वन विभाग के वन दरोगा पर मजदूरी का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई। कंपिल नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन के सभासद महेश चंद्र शाक्य ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की मिलीभगत से कुछ सभासदों द्वारा सरकारी नलों और समरसेबल को निजी घरों में लगवाया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

अधिकारियों ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
एसडीएम अभिषेक वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, वन विभाग के क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, अधिशासी अधिकारी डॉ. लव कुमार, नायब तहसीलदार हसीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

