संवाददाता समाचार टाउन
अमृतपुर/फर्रुखाबाद:तहसील अमृतपुर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने समाधान दिवस में पहुंचकर आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतकर्ता की समस्या का नियमानुसार समाधान करते हुए निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी और पारदर्शी रखा जाए।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और वास्तविक स्थिति की जांच के बाद नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर समस्याओं का वास्तविक समाधान कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की लगातार निगरानी करते हुए समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

