Breaking
15 Jan 2026, Thu

जाम पर भड़के सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी,पुलिसकर्मी नदारद।

संवाददाता समाचार टाउन 

फर्रुखाबाद सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी को बुधवार देर शाम शहर के चौक पर भारी जाम का सामना करना पड़ा। बाइक से शहर का जायजा लेने निकले विधायक ने यातायात व्यवस्था की बदहाली पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने फोन पर उच्च अधिकारियों से नाराजगी जताई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल समेत यातायात प्रभारी और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।

विधायक द्विवेदी ने बताया कि दीपावली के त्योहार में कुछ ही दिन शेष हैं, जिसके कारण बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद, प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी नदारद थे। उन्होंने इस स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त किया और उच्च अधिकारियों से फोन पर बात की।

फोन पर बातचीत के दौरान, विधायक ने शहर में ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों के प्रवेश समय के बारे में जानकारी ली, जिस पर उन्हें रात 9 बजे का समय बताया गया। हालांकि, उन्होंने मौके पर ही नगर पालिका के ट्रैक्टरों को 8:30 बजे निकलते देखा। विधायक ने कहा कि यातायात कर्मी मौके पर नहीं थे और जनता जाम से परेशान थी। उन्होंने अधिकारियों से 7:30 बजे के बाद की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की ताकि पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की पुष्टि हो सके।

विधायक चौक पर ही एक दुकान पर बैठकर अधिकारियों के आने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से जल्द पहुंचने का आग्रह किया, क्योंकि सराफा बाजार होने के कारण त्योहार के माहौल में पब्लिक को काफी परेशानी हो रही थी। सिटी मजिस्ट्रेट और अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद, विधायक ने उनसे बात की और फिर अपने समर्थकों के साथ वहां से चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!