संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को उपजिलाधिकारी फर्रुखाबाद सदर सचिन वर्मा ने बरझाला के पास मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। प्रशासन की कार्रवाई से मिट्टी ढोने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि एसडीएम सचिन वर्मा क्षेत्र में भ्रमण पर थे। इसी दौरान बरझाला के पास मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई देने पर उन्होंने वाहन को रुकवाया। एसडीएम ने ट्रैक्टर चालक से मिट्टी की खुदाई और परिवहन से संबंधित परमिशन अथवा वैध अनुमति पत्र दिखाने को कहा।
मौके पर चालक अनुमति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। वाहन को थाने में खड़ा कराए जाने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मिट्टी का अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध अनुमति के मिट्टी का खनन अथवा परिवहन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में ऐसे वाहनों की निगरानी और जांच आगे भी जारी रहने की बात कही जा रही है।
जब इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि कायमगंज क्षेत्र से एक ट्रैक्टर ट्रॉली मट्टी से भरी लाई गई है जोकि अवैध खनन में मुझे सुपुर्द की गई है।
जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

