Breaking
18 Sep 2026, Fri

पुरानी रंजिश में चार लोगों से मारपीट,तीन की हालत गंभीर होने पर किया रेफर।

संवाददाता समाचार टाउन

मक्का बेचकर लौट रहे युवक से डेढ़ लाख रुपये लूटने का भी आरोप, पुलिस पर पक्षपात का आरोप

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के अताईपुर जदीद के बरी मोहल्ला में गुरुवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मक्का की फसल बेचकर लौट रहे एक परिवार के चार लोगों को गांव के ही कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर मारपीट कर घायल कर दिया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ समय पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। आरोप यह भी है कि मक्का बेचकर लौट रहे युवक के पास मौजूद करीब 1.50 लाख रुपये छीन लिए गए। पीड़ित पक्ष ने बंधक बनाकर धारदार हथियार से हमला करने का भी आरोप लगाया है।किसी तरह पीड़ित पक्ष ने घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी दी।सूचना पर तत्काल पुलिस ने पहुंचकर पीड़ित पक्ष से घायल सभी को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने पूर्व में ही मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती तो आरोपियों की इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत नहीं होती। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।घटना में एक ही परिवार के जितेन्द्र पुत्र प्रेमपाल, गौरव पुत्र प्रेमपाल, सुनील पुत्र प्रेमपाल और कन्हैया लाल पुत्र प्रेमपाल घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मारपीट, रुपये छीनने और धारदार हथियार से हमला करने समेत लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हालांकि जब इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा से जानकारी की गई तो उन्होंने ने बताया है कि दो पक्षों के लोगों में आपस में मारपीट का मामला प्रकाश में आया है।तत्काल पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की है।बंधक बनाकर मारपीट या लूट जैसे आरोप असत्य है।जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!