Breaking
14 Sep 2026, Mon

श्यामनगर में आबकारी विभाग की दबिश, 15 लीटर अवैध कच्ची शराब व 200 किलो लहन बरामद।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में शनिवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम श्यामनगर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 15 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 200 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।


इसके अलावा उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा के साथ आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने टीपी नगर चौराहा, घसिया चिलौली, कादर दादपुर सराय, कटिया फाटक, कम्पिल स्थित देशी शराब दुकानों, कम्पिल की कंपोजिट शॉप तथा टीपी नगर स्थित मॉडल शॉप का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब की दुकानों पर संचालित कैंटीनों की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।


टीम ने दुकानों में उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग ने कहा कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!