संवाददाता समाचार टाउन
–24 व 25 फरवरी को मंडी में लगेगा विशेष कैंप, उसके बाद बिना सत्यापन मिले कांटे तो लगेगा 10 हजार का जुर्माना
कायमगंज/फर्रुखाबाद:मंडी समिति में गुरुवार को आढ़तियों और व्यापारियों में उस समय हलचल मच गई। जब बाट-माप विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया।
वरिष्ठ निरीक्षक मीनू तिवारी और निरीक्षक सुनील वर्मा ने टीम के साथ व्यापारियों के तौल उपकरणों की जांच की और नियमों की अनदेखी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को तौल उपकरणों की शुद्धता और उनके नियमित सत्यापन के महत्व को समझाया। वरिष्ठ निरीक्षक मीनू तिवारी ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को जागरूक करना है ताकि वे नियमों के दायरे में रहकर व्यापार करें। उन्होंने साफ किया कि ग्राहकों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फोटो परिचय- मंडी में व्यापारियों से वार्ता करती वरिष्ठ निरीक्षक वांट माप
व्यापारियों की सुविधा और पुराने लंबित मामलों के निपटारे के लिए विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंडी परिसर में ही आगामी 24 और 25 फरवरी को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में व्यापारी अपने कांटों और बाटों का सत्यापन कराकर उन पर सरकारी मुहर लगवा सकेंगे।
अधिकारियों ने इसे व्यापारियों के लिए एक सुनहरा अवसर बताया है। निरीक्षक सुनील वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 25 फरवरी के बाद पूरे क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। यदि इस दौरान किसी भी प्रतिष्ठान पर बिना मुहर या बिना सत्यापन के बाट-कांटे पाए गए, तो संबंधित व्यापारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उल्लंघन की दशा में 10,000 रुपये तक के आर्थिक दंड का प्रावधान है। इस मौके पर प्रमुख रूप से व्यापारी नेता संजय गुप्ता, अमर नाथ दुबे समेत अन्य कई व्यापारी मौजूद रहे।

