संवाददाता समाचार टाउन
–प्रेमनगर गांव की है घटना, दहेज का भी आरोप, भाई बोला, मकान बनवाने के लिए दबाव बना रहा था पति, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच में जुटी
नगर से सटे गांव प्रेमनगर में एक विवाहिता की मौत पर मायके वालो ने पति पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाई का आरोप है कि दहेज में मकान बनवाने की मांग को लेकर उसकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था।
प्रेमनगर निवासी विजय कुमार की 22 वर्षीय पत्नी शिवानी को रविवार को उसके जेठ विकास गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फोटो परिचय मृतका का फाइल फोटो
मृतका के भाई रजत निवासी घसिया चिलौली ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब चार वर्ष पहले विजय कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों पानीपत में एक फैक्ट्री में काम करते थे। करीब एक माह पहले उसकी बहन कुकर से जल गई थी, जिस पर मायके वाले उसे बुलाना चाहते थे। इसी बीच उसका पति ग्वालियर नौकरी के लिए चला गया था। होली से करीब आठ दिन पहले वह घर आया और शिवानी को अपने साथ ससुराल ले गया।
रजत ने बताया कि तीन मार्च को उसके बड़े भाई शिवा के ससुर का निधन हो गया था, जिस पर उसकी बहन मायके आई थी। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद चार मार्च को परिवार घर लौट आया। उसी दिन शिवानी अपने ससुराल चली गई। पांच मार्च को वह अपने पति के साथ मायके में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में आई थी। इसके बाद उसका पति वापस चला गया, जबकि शिवानी मायके में ही रुक गई।
आरोप है कि छह मार्च की सुबह उसका पति उसे फिर अपने साथ ले गया और आठ मार्च को उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। भाई का कहना है कि उसकी बहन के पति को इस बात से नाराजगी थी कि वह बड़े भाई के ससुर के घर गई थी, जिसको लेकर विवाद हुआ था। शाम को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति पहले भी उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और दहेज में मकान बनवाने की मांग करता था।
घटना की जानकारी मिलने पर मंडी चौकी प्रभारी बलवीर सिंह पुलिस बल के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मारपीट के बाद मौत होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

