Breaking
13 May 2026, Wed

इण्डेन गैस एजेंसी संचालक को सोशल मीडिया पर दी धमकी,पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज।

संवाददाता समाचार टाउन

-जबरन सिलेंडर ले जाने और भड़काऊ पोस्ट डालने का मामला, पुलिस जांच में जुटी

कायमगंज:ध्वनि इण्डेन गैस सर्विस के प्रोपराइटर के साथ अभद्रता करने और सोशल मीडिया पर उनकी दिव्यांगता को लेकर अपमानजनक टिप्पणी व भीड़ को उकसाने के मामले पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ध्वनि इण्डेन गैस सर्विस के प्रोपराइटर राजेश मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मार्च को नगर से सटे गांव घसिया चिलौली निवासी सुमित मिश्रा ने उनके हॉकर से जबरन दो भरे हुए गैस सिलेंडर छीन लिए। आरोप है कि उक्त व्यक्ति के पास न तो सिलेंडर की कोई वैध बुकिंग थी और न ही ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई थी। संचालक का आरोप है कि इस घटना के बाद सुमित मिश्रा के भाई अमित मिश्रा और मनोज तिवारी सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भड़काऊ बयानबाजी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीड़ित की दिव्यांगता का मजाक उड़ाते हुए उनके लिए अमर्यादित जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया और सार्वजनिक रूप से हिंसा के लिए भीड़ को उकसाया गया। पोस्ट में जूते मारने जैसी अपमानजनक बातें और जान-माल के नुकसान की धमकी भी दी गई है।

संचालक राजेश मिश्रा ने चिंता जताई है कि वर्तमान में तेल कंपनियों द्वारा नियमों में सख्ती के कारण वितरण में भारी भीड़ रहती है। ऐसे समय में भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट तेल में आग का काम कर सकती हैं, जिससे न केवल गैस वितरण प्रभावित होगा बल्कि दंगे की स्थिति भी बन सकती है। पीड़ित का निवास एजेंसी के पास ही होने के कारण उन्होंने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी गुहार लगाई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!