संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज:कंपिल थाना क्षेत्र के जिनौल गांव में शुक्रवार शाम खेत में गेहूं की कटाई के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भूसा लादते समय अचानक ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से 55 वर्षीय एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक बाल-बाल बच गए।
जिनौल गांव निवासी अनार सिंह गांव में ही मजदूरी करने गए थे। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे खेत में गेहूं की मड़ाई के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरा जा रहा था। जब अनार सिंह ट्रॉली पर रस्सा खींचकर उसे सुरक्षित बांधने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक भार का संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। अनार सिंह के साथ दो अन्य श्रमिक भी इसकी चपेट में आए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लेकिन अनार सिंह ट्रॉली और भूसे के भारी वजन के नीचे गहराई में दब गए। सूचना पर पहुंची कंपिल थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद उन्हें बाहर निकाला पुलिस ने घायल अवस्था में अनार सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉ. विपिन कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
मृतक के भाई जय सिंह ने बताया कि अनार सिंह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी शीला, पुत्र सोनू, रवि, राहुल और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

