संवाददाता समाचार टाउन
उत्तर प्रदेश:बदायूं में मनमाना नेग नहीं मिलने पर किन्नरों ने बारात पर फायरिंग कर दी। गोली दूल्हे के भाई को लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद गुस्साए गांव वालों ने किन्नरों को बंधक बना लिया। साथ ही पुलिस बुला ली।
पुलिस ने घायल दूल्हे के भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ सिटी ने बताया कि किन्नरों की कार से 2 तमंचे, कैंची और लाठी-डंडे मिले हैं। 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक सपा किन्नर महासभा का जिलाध्यक्ष भी शामिल है। मामला कुंवरगांव थाना क्षेत्र का गुरुवार का है।
फोटो परिचय घटना स्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस।
किन्नरों ने शादी की खुशी में दूल्हे के पिता नेमचंद्र से 21 हजार रुपए का नेग मांगा। इस पर नेमचंद्र ने 2100 रुपए देने की पेशकश की। किन्नर 21 हजार लेने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान वे लगातार अभद्रता और गाली-गलौज करते रहे। जबकि मौके पर महिलाएं, बाराती और गांववाले भी मौजूद थे।
लोगों ने किन्नरों से खुशी के माहौल में गाला-गलौज नहीं करने की बात कही। दूल्हे के पिता ने कहा कि 2100 रुपए ले लीजिए और बच्चों को आशीर्वाद देकर जाइए। इस पर किन्नर भड़क गए और बद्दुआएं देने लगे। इसका वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया।
फोटो परिचय घटना स्थल पर गोली मारने वाले किन्नरों को वहां मौजूद भीड़ ने बंधक बना पुलिस को सौंप।
इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच उनमें से एक किन्नर दौड़कर गया और अपनी कार से तमंचा निकाल लाया। वह लोगों को धमकाने लगा और फायरिंग कर दी। दूल्हे नरेंद्र का भाई गौरव पिता के बचाव में वहीं खड़ा था। गोली उसको लग गई।

