संवाददाता समाचार टाउन
-स्मार्ट मीटर पर पारदर्शिता और सिक्योरिटी राशि वापसी की उठाई मांग
कायमगंज/फर्रुखाबाद:उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर संगठन जन आंदोलन करेगा।
नगर के जटवारा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता न होने से कुटीर उद्योग बंदी की कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नए कनेक्शन नहीं दे रही है, जिससे छोटे कारोबारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि शादी-बारात जैसे आयोजनों के लिए गैस की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन सरकार के खिलाफ जन आंदोलन करेगा और जगह-जगह पुतले जलाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही गैस संकट अंतरराष्ट्रीय स्तर की समस्या हो, लेकिन केंद्र सरकार को कुटीर उद्योगों को बचाने के लिए ठोस और प्रभावी योजना बनानी चाहिए।
स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी सरकारी योजना के खिलाफ नहीं है और उग्र आंदोलन नहीं करना चाहता, लेकिन सरकार को स्मार्ट मीटर से जुड़ी पूरी जानकारी, संबंधित ऐप और उसकी गारंटी उपभोक्ताओं को स्पष्ट रूप से देनी चाहिए। साथ ही पुराने मीटरों के लिए जमा उपभोक्ताओं की सिक्योरिटी राशि वापस की जानी चाहिए। तंबाकू कारोबार में जीएसटी मामलों में पुलिस हस्तक्षेप पर उन्होंने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी स्थिति में संगठन विरोध करेगा।
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज कौशल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया। लंबे समय से नगर अध्यक्ष रहे संजय गुप्ता को जिले की कमान सौंपते हुए जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अमित सेठ को नगर अध्यक्ष और संजीव अग्रवाल को महामंत्री मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, सुधीर गुप्ता, शिवकुमार शाक्य, अभिषेक अग्रवाल, मुस्तफा, अमोल अग्रवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रश्मि दुबे, नगर अध्यक्ष मधु गंगवार, रेनू त्रिपाठी, लक्ष्मी राजपूत, लक्ष्मी गुप्ता, लक्ष्मी राठौर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

