Breaking
4 May 2026, Mon

जम्मू कश्मीर में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप शव लेकर लौट रहे पति को पुलिस ने रोका।

संवाददाता समाचार टाउन

-शव लेकर लौट रहे पति को पुलिस ने रोका, पोस्टमार्टम कराने को वापस भेजा

कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र की एक विवाहिता की जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पहले मायके पक्ष ने कार्रवाई से इनकार किया, लेकिन बाद में हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दे दी, जिससे मामला उलझ गया। इस पर शव लेकर लौट रहे पति को कोतवाली पुलिस ने रोका और पोस्टमार्टम कराने को वापस भेजा।

क्षेत्र के गांव लुधईया निवासी दीपू अपनी पत्नी किरन के साथ जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में रहकर टाइल्स फैक्ट्री में काम करता है। शुक्रवार को दीपू ने घर सूचना दी कि उसकी पत्नी किरन की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मामले की जानकारी मृतका के मायके पक्ष को दी गई, जहां परिजन बिलख पड़े। कोतवाली पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर महिला की मौत हुई, वहां की पुलिस मौके पर पहुंची और फोन पर मायके पक्ष से बात की तो बताया गया कि उस समय मायके पक्ष ने किसी प्रकार की कार्रवाई से इनकार करते हुए शव को घर लाने की बात कही थी।

उसके बाद जब पंचनामा भरवा कर दीपू पत्नी का शव लेकर लौट रहा था, तभी मृतका के पिता नन्हेलाल निवासी सीघनपुर थाना मेरापुर ने डायल 112 पर कॉल कर हत्या का आरोप लगा दिया। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने जांच के बाद कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। इस पर उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि घटना जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले की है। उपनिरीक्षक ने वहां की पुलिस से संपर्क किया, जहां बताया गया कि पंचनामा भरवाकर शव पति को सौंप दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने सांबा जिले के संबंधित चौकी इंचार्ज से वार्ता कर पोस्टमार्टम कराने को कहा। साथ ही मृतका के पति को भी फोन कर वापस जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से हत्या की सूचना मिलने पर जांच कराई गई है। चूंकि घटना जम्मू-कश्मीर की है, इसलिए वहां पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया है। परिजनों के अनुसार, मृतका की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!