Breaking
4 May 2026, Mon

आंधी-बारिश में पेड़ उखड़े, झोपड़ियां गिरीं, पेड़ की डाल से अमिया गिरी, भारी नुकसान।

संवाददाता समाचार टाउन

-शाहपुर गंगापुर में 70 साल पुराना पेड़ धराशायी, आंधी में गेहूं के पुरे उड़े, बारिश से भीगे 

कायमगंज/फर्रुखाबाद: रविवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर पुराने पेड़ उखड़ गए और ग्रामीण इलाकों में झोपड़ियां ढह गईं। हालांकि जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसानों और बागवानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।

शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे तेज आंधी के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने इलाके में तबाही मचा दी। शाहपुर गंगापुर गांव में 70 साल से अधिक पुराना भारी-भरकम पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी का असर अधिक देखने को मिला, जहां कई गरीब परिवारों की झोपड़ियां धराशाई हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली। आंधी-बारिश से किसानों को भी बड़ा नुकसान हुआ है।

खेतों में कटाई के बाद रखा गेहूं तेज हवाओं में उड़ गया और बाद में हुई बारिश में पूरी तरह भीगकर खराब हो गया। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। वहीं, लगातार आंधियों के चलते आम के बागों को भी भारी क्षति पहुंच रही है। पेड़ों से कच्चे आम (अमियां) बड़ी संख्या में गिर रहे हैं। बागवानों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम का मिजाज बना रहा तो इस बार आम की पैदावार काफी कम हो सकती है। आंधी के बाद करीब 40 मिनट तक हुई झमाझम बारिश से मौसम जरूर सुहावना हो गया। दिनभर की उमस से परेशान लोगों को रात में राहत मिली और वे चैन की नींद सो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!