Breaking
5 May 2026, Tue

खेत की रखवाली करते झोपड़ी में आग से किसान जिंदा जला, साथी झुलसा पुलिस जांच में जुटी।

संवाददाता समाचार टाउन

-तीन अज्ञात लोगों पर आग लगाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कंपिल क्षेत्र में खेत पर बनी झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से एक किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी किसान झुलस गया। घायल किसान ने तीन अज्ञात लोगों पर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है।

रविवार रात राईपुर चिनहटपुर निवासी किसान रामोतार अपने साथी 50 वर्षीय ओमकार के साथ सूरजपुर गांव स्थित खेत पर बनी झोपड़ी में मक्का की फसल की रखवाली कर रहे थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों बाहर नहीं निकल सके। घायल राम अवतार के अनुसार, घटना के समय तीन लोग झोपड़ी के बाहर खड़े थे और उन्होंने आग लगा दी। विरोध करने पर उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया गया। किसी तरह जान बचाकर निकले राम अवतार ने गांव पहुंचकर सूचना दी।फोटो परिचय मृतक ओमकार का फाइल फोटो 

घटना में ओमकार की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष कंपिल नितिन कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आग लगने की जानकारी की जा रही है।अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।

झोपड़ी में आग या साजिश? किसान की मौत से उठे सवाल

-तीन अज्ञात लोगों पर आरोप, आकाशीय बिजली की थ्योरी खारिज

क्षेत्र में खेत पर बनी झोपड़ी में लगी आग से किसान की मौत का मामला अब संदिग्ध होता जा रहा है। घायल किसान के बयान ने घटना को हत्या की साजिश की ओर मोड़ दिया है, वही प्रशासनिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना खारिज हो गई है।

फोटो परिचय अस्पताल में भर्ती किसान रामोतार

राईपुर चिनहटपुर निवासी रामोतार और उनके साथी ओमकार रविवार रात अपने खेत की रखवाली के लिए सूरजपुर गांव स्थित झोपड़ी में सो रहे थे। तड़के करीब चार बजे झोपड़ी में आग लग गई। घायल राम अवतार ने इलाज के दौरान अस्पताल में बताया कि घटना के समय तीन अज्ञात व्यक्ति झोपड़ी के सामने मौजूद थे। उन्होंने झोपड़ी में आग लगा दी और दोनों को बाहर निकलने से रोक दिया। आग की लपटें तेज होने पर आरोपित मौके से फरार हो गए। राम अवतार किसी तरह जान बचाकर आधा किलोमीटर दूर तक भागे और वहां मिले एक परिचित को आपबीती बताई। इस पर गांव सूचना दी गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ओमकार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि राम अवतार झुलसे थे। सूचना मिलते ही थाना कंपिल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इधर सीओ मोहम्मदाबाद राजेश वर्मा, थाना पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली।

इनसेट:

फॉरेंसिक और तहसील प्रशासन ने की जांच 

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की। दूसरी ओर, तहसील प्रशासन को मिली प्रारंभिक सूचना में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई थी। इस पर कानूनगो कुतुबुद्दीन और लेखपाल विवेक कुमार ने मौके पर जांच की, लेकिन टीम को पेड़ या आसपास कहीं भी बिजली गिरने के कोई निशान नहीं मिले। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इनसेट

किसान की मौत पर परिवार में मचा कोहराम 

खेत की झोपड़ी में आग लगने से हुई किसान ओमकार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी गीता देवी समेत पुत्र रामनिवास, मुकेश, स्वदेश, रामकिशन और पुत्रियां पिंकी व शारदा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिंकी की शादी हो चुकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, ओमकार बेहद मेहनती किसान था और परिवार का कमाऊ सदस्य था। उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घर में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है।

इनसेट

बटाई पर खेत लेकर करता था रखवाली, झोपड़ी में ही कटती थी रात

थाना क्षेत्र के गांव राईपुर चिनहटपुर निवासी 50 वर्षीय ओमकार कस्बा निवासी संतोष पाठक के कंपिल-अटैना रोड स्थित टेढ़ा पुल कारव मोड़ से करीब एक किलोमीटर दूर खेत को बटाई पर लेकर मक्का की फसल की रखवाली करते थे।

ग्रामीणों के अनुसार, फसल की सुरक्षा के चलते वह अक्सर खेत पर बनी झोपड़ी में ही रात गुजारते थे। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले ओमकार की दिनचर्या खेत और झोपड़ी तक ही सीमित रहती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!