संवाददाता समाचार टाउन
- -गंभीर मुकदमों के चलते प्रशासन की कार्रवाई, डुगडुगी पिटवाकर दी चेतावनी
कायमगंज/फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने नगला बिलौना निवासी श्यामू पाल को जिला बदर की कार्रवाई के तहत जनपद सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस टीम ने ब्राहिमपुर सीमा पर डुगडुगी पिटवाकर आदेश का सार्वजनिक ऐलान किया और आरोपित को एटा जनपद की सीमा की ओर रवाना किया।
जिलाधिकारी के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्र के गांव नगला बिलौना निवासी श्यामू पाल के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई अमल में लाई गई। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, एसआई ज्ञान प्रकाश पाण्डेय तथा पुलिस बल आरोपित को साथ लेकर ब्राहिमपुर स्थित जनपद सीमा तक पहुंचे।
फोटो परिचय जिला बदर किए गए श्यामू पाल को पुलिस ने जनपद सीमा से कराया बाहर
यहां पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर जिला बदर आदेश से संबंधित दिशा-निर्देश सार्वजनिक रूप से सुनाए। इसके बाद आरोपित को जनपद एटा के अलीगंज क्षेत्र की सीमा की ओर भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि श्यामू पाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जिला बदर की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि जिला बदर अवधि के दौरान आरोपित बिना अनुमति जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व एक तत्कालीन दरोगा का शराब का पउआ मांगने से संबंधित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में संबंधित दरोगा को लाइन हाजिर किया गया था। उस प्रकरण में भी श्यामू पाल की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद वह चर्चा में आया था।

