Breaking
9 May 2026, Sat

संवाददाता समाचार टाउन

कंपिल/फर्रुखाबाद : क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर खास, ब्लॉक कायमगंज की प्रतिभाशाली बेटी प्रतिष्ठा यादव ने शुक्रवार को प्रयागराज में आयोजित 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जनपद फर्रुखाबाद का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठा की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रतिष्ठा यादव ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, मेहनत और अनुशासन का परिचय देते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता में उनके दमदार प्रदर्शन की खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।

फोटो परिचय प्रयागराज में फर्रुखाबाद की बेटी प्रतिष्ठा यादव ने जीता कांस्य पदक

प्रतिष्ठा यादव की सफलता की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और प्रतिष्ठा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रतिष्ठा ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी मेहनत और लगन के दम पर बड़े मंचों पर सफलता हासिल कर सकती हैं। प्रतिष्ठा यादव के चाचा अमरीश यादव ने बताया कि वर्तमान में प्रतिष्ठा अपने पिता के साथ जनपद लखीमपुर में रह रही हैं और वहीं रहकर पढ़ाई के साथ-साथ खेल की तैयारी भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठा बचपन से ही खेलों में रुचि रखती थीं और लगातार कठिन अभ्यास तथा आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।बताया गया कि प्रतिष्ठा के पिता देवेंद्र कुमार लखीमपुर जनपद में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। पुत्री की सफलता पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठा की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है और उन्हें उम्मीद है कि वह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। प्रतिष्ठा यादव की यह उपलब्धि जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में प्रतिष्ठा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर फर्रुखाबाद और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!