Breaking
24 Jun 2026, Wed

कायमगंज में तंबाकू कारोबारियों के ठिकानो पर डीजीजीआई की छापेमारी।

संवाददाता समाचार टाउन 

-अलग-अलग टीमों ने दो कारोबारियों के आवासों पर की पड़ताल, शाम को उलियापुर स्थित गोदाम भी पहुंची टीम, व्यापारियों में बना रहा हड़कंप

 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:बुधवार को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम ने तंबाकू कारोबार से जुड़े दो कारोबारियों के आवासों और एक गोदाम पर जांच-पड़ताल की। सुबह शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। करीब 12 घंटे से अधिक समय तक चली जांच के चलते तंबाकू कारोबारियों में दिनभर हलचल बनी रही।

बुधवार तड़के करीब साढ़े छह बजे के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) की टीम नगर पहुंची। यहां पहुंचकर टीम दो हिस्सों में बंट गई। एक टीम मोहल्ला पाठक निवासी तंबाकू कारोबारी एवं उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल के आवास पर पहुंची, जबकि दूसरी टीम मोहल्ला लोकमन निवासी तंबाकू कारोबार से जुड़े रचित गुप्ता के घर पहुंची।

बताया गया कि अभिषेक अग्रवाल उस समय घर पर मौजूद थे। टीम के पहुंचने पर उनकी पत्नी ने दरवाजा खोला, जिसके बाद अधिकारियों ने अंदर प्रवेश कर जांच शुरू कर दी। वहीं रचित गुप्ता के आवास पर उनकी मां मिलीं। बताया गया कि रचित गुप्ता अपनी पत्नी के साथ नगर से बाहर गए हुए हैं। इसके बाद उनकी मां ने अपने दामाद भगवानदीन गुप्ता को बुला लिया। टीम ने दोनों स्थानों पर स्टॉक से जुड़े दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच शुरू कर दी।

छापेमारी की सूचना फैलते ही तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मच गया। दिनभर कारोबारी कार्रवाई की जानकारी जुटाने में लगे रहे। सुबह से चल रही जांच के दौरान व्यापार मंडल नेता मनोज कौशल, संजय गुप्ता, अमित सेठ तथा अधिवक्ता राजेश अग्निहोत्री समेत कई व्यापारी अभिषेक अग्रवाल के आवास पहुंचे। टीम के एक सदस्य ने दरवाजा खोलकर उनसे बातचीत की। व्यापारियों ने गृहस्वामी से मुलाकात की इच्छा जताई, जिस पर अधिकारियों ने अभिषेक अग्रवाल को उनसे मिलवाया। व्यापारियों के पूछने पर अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जांच सामान्य रूप से चल रही है और किसी प्रकार की समस्या नहीं है। व्यापारियों ने अभिषेक के भोजन की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली, जिस पर उनके लिए भोजन मंगवाया गया। दोपहर से लेकर देर शाम तक अधिकारियों की टीम बंद कमरे में जांच करती रही। इसके बाद शमशाबाद क्षेत्र में जांच कर रहे कुछ अधिकारी कायमगंज पहुंचे। शाम करीब पांच बजे दो वाहनों से पहुंची टीम अभिषेक अग्रवाल के नगर से सटे गांव उलियापुर स्थित गोदाम पर पहुंची, जहां भी जांच-पड़ताल की गई।

समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी। करीब 12 घंटे से अधिक समय तक चली जांच के चलते टुबैको सिटी के नाम से पहचान रखने वाले कायमगंज क्षेत्र के तंबाकू कारोबारियों में दिनभर चर्चा और हलचल बनी रही। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!