संवाददाता समाचार टाउन
-भैंस जलाने और चोरी के विवाद में हुई थी हत्या, अब तक 8 आरोपी जेल भेजे गए
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली क्षेत्र के चर्चित बांकेलाल हत्याकांड में पुलिस ने मामले में मुकदमे की नामजद एक महिला और दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ी गई महिला मृतक की चचेरी बहन है। इस वारदात में पुलिस अब तक कुल आठ आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
12 अप्रैल की सुबह पुरानी रंजिश के चलते बांकेलाल पर लाठी-डंडों और चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में बांकेलाल की मौत हो गई थी, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक के भाई विपिन कुमार ने इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपियों के मुताबिक, वर्ष 2025 में उनकी भैंस को जलाकर मार दिया गया था, जिसका मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना वाले दिन भैंस चोरी के आरोप को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कार्रवाई में पुलिस ने जितेंद्र, उसके भाई सूरज और ममता को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस राजवीर के दो पुत्रों जौनी व शनी और एक महिला समेत पांच को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। मामले के शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

