संवाददाता समाचार टाउन
-नई बस्ती मोहल्ले का है मामला, कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई, पुलिस ने शुरू की जांच
कायमगंज/फर्रुखाबाद:विवाहिता की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी धनदेवी ने कोर्ट के आदेश पर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में कहा उसकी पुत्री प्रीती ने करीब ढाई से तीन वर्ष पूर्व पड़ोस के रहने वाले रामू के साथ प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पति रामू, उसके भाई लखन, पिता रामकिशन, मां सुखदेवी, बहन रोशनी और बहनोई पप्पू ने दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रीती को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। धनदेवी का आरोप है कि 12 अप्रैल की शाम पति रामू ने प्रीती के साथ मारपीट की और उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें जहरीले पदार्थ के सेवन और शरीर पर चोटों के निशान मिले। पीड़िता की मां का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोतवाली पुलिस ने पति समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

